लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतमशर्मा,
राजसमंद। नाथद्वारा नगर के गिरिराज पूरा क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक पुराना बरगद का पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में एक ट्रैक्टर आ गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
एएसआई गोपीराम ने बताया कि मृतक की पहचान भेरू गमेती निवासी गुड़ला के रूप में हुई है। भेरू गमेती गुंजोल स्थित एक सीमेंट गोदाम पर कार्य करता था। शुक्रवार को वह सीमेंट खाली कर ट्रैक्टर लेकर वापस गोदाम लौट रहा था, तभी गिरिराज पूरा क्षेत्र में पेड़ अचानक गिर गया और ट्रैक्टर पूरी तरह इसकी चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। भारी मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर हटाया गया। पुलिस ने शव को नाथद्वारा मोर्चरी पहुंचाकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
फिलहाल मर्ग दर्ज कर पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।












































