लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सेमारी (सलुम्बर)। राष्ट्र संत गुरुमा गणिनी 105 सुप्रकाशमति माताजी का छह वर्ष सात माह के अंतराल के बाद सेमारी नगर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। इस पावन अवसर पर पूरे नगर में धर्ममय और उत्सवपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
माताजी ससंघ का विहार प्रातः रठौड़ा से सेमारी के लिए हुआ। विहार के दौरान नरेंद्र चंदावत, पुष्पेंद्र चंदावत, प्रवीण मानावत, गौरव मेहता, भरत चंदावत, हिमेश जोधावत, तरुण (तर्ज) मानावत सहित रठौड़ा ग्राम के पंचगण साथ रहे। सेमारी पुलिस थाना का जाप्ता वाहन सहित सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा।
बैंड-बाजों व जयकारों के साथ नगर प्रवेश
माताजी का ससंघ सर्वप्रथम सेमारी के प्राचीन जैन मंदिर पहुंचा, जहां स्थानीय समाजजनों द्वारा भावभीना स्वागत किया गया। पेला मंदिर में दर्शन के पश्चात बैंड-बाजों, महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं के जयकारों के साथ माताजी का भव्य मंगल प्रवेश नगर में हुआ।
नगर प्रवेश के उपरांत आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में माताजी ने प्रवचन के माध्यम से समाजजनों को धर्मोपदेश दिया एवं सभी को आशीर्वाद प्रदान किया।
2019 के पंचकल्याणक महोत्सव की यादें हुईं ताज़ा
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में सेमारी का भव्य पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव राष्ट्र संत गुरुमा गणिनी 105 सुप्रकाशमति माताजी के सानिध्य में ही संपन्न हुआ था। माताजी के पुनः नगर आगमन से समाजजनों में विशेष उत्साह एवं आध्यात्मिक उल्लास देखा गया।