लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
12 स्वीकृत पदों में से 6 खाली होने का दावा, मरीजों की भीड़ बढ़ी तो लाइन में आगे निकलने को लेकर हुआ विवाद
रिपोर्ट: संजीव बंसल, कठूमर (अलवर)
कठूमर, अलवर। राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कठूमर में गुरुवार सुबह उपचार कराने पहुंचे मरीजों को चिकित्सकों के इंतजार में लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ा। मरीजों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे से अस्पताल पहुंचने के बावजूद उन्हें काफी देर तक चिकित्सक के आने का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती गई और व्यवस्था प्रभावित होती नजर आई।
मरीजों का कहना है कि सुबह 10 बजे तक करीब 210 मरीज चिकित्सा पर्ची लेकर चिकित्सकों को दिखाने के लिए कतार में खड़े थे। वहीं, करीब 10:30 बजे तक अस्पताल में केवल एक चिकित्सक के मौजूद होने की बात सामने आई। चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को लंबे समय तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
लाइन में आगे निकलने को लेकर हुआ विवाद
मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही कतार में आगे निकलने को लेकर कई बार मरीजों के बीच कहासुनी हो गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आपसी विवाद में मारपीट की नौबत तक पहुंच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने समझाइश कर मामला शांत कराया।
अस्पताल में चिकित्सक के कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी कतार लगी रही, जबकि कुछ कक्षों में चिकित्सकों की कुर्सियां खाली नजर आईं।
सुबह 9 बजे से कतार में लगे मरीज
ग्राम रेटी निवासी रामसिंह और शेखपुरा निवासी रोहित सहित अन्य मरीजों ने बताया कि वे सुबह करीब 9 बजे से चिकित्सक को दिखाने के लिए लाइन में लगे हुए हैं। एक घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद उनकी बारी नहीं आई।
कतार में खड़े कई मरीज सिर और पेट दर्द से परेशान दिखाई दिए। लंबे समय तक खड़े रहने के कारण कुछ मरीजों ने पैरों में दर्द की शिकायत भी की। मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने और सुबह के समय व्यवस्था सुधारने की मांग की।
महिला मरीजों को भी करना पड़ा इंतजार
महिला चिकित्सक को दिखाने पहुंचीं लक्ष्मी देवी और निशा ने बताया कि वे सुबह से महिला चिकित्सक का इंतजार कर रही थीं। उनका कहना था कि सुबह 10:30 बजे तक भी चिकित्सक के आने को लेकर उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई।
ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं के लिए घंटों अस्पताल में इंतजार करना परेशानी का कारण बन रहा है। मरीजों का कहना है कि सुबह के समय भीड़ अधिक होने के बावजूद पर्याप्त चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने से उन्हें समय पर उपचार नहीं मिल पाता।
12 पद स्वीकृत, 6 चिकित्सक कार्यरत होने का दावा
मरीजों और स्थानीय लोगों के अनुसार CHC में सरकार की ओर से 12 चिकित्सकों के पद स्वीकृत बताए गए हैं, जबकि वर्तमान में एक दंत चिकित्सक और एक महिला चिकित्सक सहित कुल 6 चिकित्सक कार्यरत हैं। ऐसे में स्वीकृत पदों की तुलना में आधे पद रिक्त होने का दावा किया जा रहा है।
गुरुवार सुबह मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण चिकित्सकों की कमी से अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित हुई। मरीजों ने मांग की कि रिक्त पदों को भरा जाए और चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले मरीजों को इलाज के लिए घंटों इंतजार न करना पड़े।
चिकित्सा प्रभारी से नहीं हो सका संपर्क
मामले में चिकित्सा प्रभारी डॉ. जवाहर सिंह सैनी का पक्ष जानने के लिए दो बार फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। उनका पक्ष मिलने पर खबर में शामिल किया जा सकता है।