लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
17 सितंबर को राष्ट्रीय श्रम दिवस घोषित करने की मांग
जयपुर में भगवान विश्वकर्मा का पूजन और स्मरण, श्रम, कौशल व सृजन के सम्मान का दिया संदेश
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क | जयपुर। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर भारतीय मजदूर संघ (BMS) की ओर से बुधवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा का पूजन एवं स्मरण किया गया। कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश साईं ने की। वहीं भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दीनानाथ रुठला एवं एस.के. राठौर मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे।
भगवान विश्वकर्मा की शिल्पकला पर डाला प्रकाश
मुख्य वक्ता दीनानाथ रुठला ने भगवान विश्वकर्मा के जीवन और शिल्पकला पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में भगवान विश्वकर्मा को देवशिल्पी के रूप में विशेष स्थान प्राप्त है। भगवान विश्वकर्मा से जुड़ी विभिन्न निर्माण कृतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लंका और भगवान श्रीकृष्ण की द्वारका के निर्माण से जुड़ी मान्यताएं उनकी अद्भुत शिल्प एवं निर्माण क्षमता को दर्शाती हैं।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों के लिए भगवान विश्वकर्मा प्रेरणा के प्रतीक हैं। समाज में श्रम, कौशल और सृजन के सम्मान की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में जयंतीलाल, यतेंद्र कुमार, महेंद्र सैनी, मालीराम स्वामी, महेश चतुर्वेदी और जिला प्रचार मंत्री अक्षय कुमार सहित भारतीय मजदूर संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम के बाद भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने 17 सितंबर को राष्ट्रीय श्रम दिवस घोषित करने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
संघ की ओर से कहा गया कि भगवान विश्वकर्मा जयंती श्रम, कौशल, सृजन और श्रमिक सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में 17 सितंबर को राष्ट्रीय श्रम दिवस घोषित किया जाना श्रमिक वर्ग के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
भारतीय मजदूर संघ की ओर से बताया गया कि इस मांग को लेकर संपूर्ण प्रदेश में जिला कलेक्टरों के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन भेजे गए हैं। संघ ने राज्य सरकार से मांग पर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
