लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा और रक्तदान शिविर, युवाओं व ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
पादूकलां, नागौर। निकटवर्ती लांपोलाई में दिवंगत छात्रा रिषिका अकोदिया की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। श्री दरियाव शिक्षण संस्थान माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर में युवाओं, ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में करीब 105 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
पुष्पांजलि से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत रिषिका के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान रेण धाम के श्री श्री 1008 श्री सज्जनराम जी महाराज, उत्तराधिकारी श्री बस्तीराम जी शास्त्री, कुचेरा के श्री सुखदेव जी महाराज और गोटन के संत श्री रामेश्वर दास जी महाराज मौजूद रहे।
साधु-संतों ने सत्संग और प्रवचन के माध्यम से मानव सेवा, परोपकार और रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से समाजसेवा के कार्यों में आगे बढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
मेड़ता ब्लड बैंक की टीम ने किया रक्त संग्रह
रक्तदान शिविर में मेड़ता ब्लड बैंक की टीम ने रक्त संग्रह किया। रक्तदान को लेकर युवाओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर दिवंगत रिषिका को श्रद्धांजलि अर्पित की।
रक्तदाताओं को हेलमेट देकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
शिविर में रक्तदाताओं को हेलमेट भी वितरित किए गए। विद्यालय परिवार ने रक्तदान के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए युवाओं को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात नियमों की पालना करने के लिए जागरूक किया।
विद्यालय प्रबंध समिति के निदेशक चेनाराम सराग ने बताया कि रिषिका विद्यालय परिवार की दिवंगत छात्रा थी। उसकी प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर के माध्यम से श्रद्धांजलि देने के साथ समाज में मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने का प्रयास किया गया।
पिता ने जताया आभार
रिषिका के पिता गौतम चंद अकोदिया ने शिविर के आयोजन पर विद्यालय परिवार, साधु-संतों, रक्तदाताओं और ग्रामीणों का आभार जताया।
कार्यक्रम में विधिक सचिव न्यायालय मेड़ता संजय मालवीय सहित विद्यालय स्टाफ, ग्रामीण, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में रक्तदाता मौजूद रहे।
