Home latest सांसद कोटे से बनी सड़क बदहाल, जलभराव और गड्ढों से हादसों का...

सांसद कोटे से बनी सड़क बदहाल, जलभराव और गड्ढों से हादसों का खतरा

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पुराना मेड़ता मार्ग पर करीब एक किलोमीटर सड़क पर 18-19 जंप और गड्ढे; ट्रांसफार्मर ले जा रहा टेम्पो पलटा, चालक घायल

पादूकलां, नागौर। पुराना मेड़ता मार्ग पर सांसद कोटे से करीब दो साल पहले बनाई गई सीसी सड़क अब बदहाली का शिकार है। सड़क पर जल निकासी के लिए नाले नहीं होने के कारण जगह-जगह पानी जमा रहता है। लगातार जलभराव के चलते सीसी सड़क कई स्थानों पर टूट चुकी है। वहीं करीब एक किलोमीटर के हिस्से में 18-19 जंप और गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की खराब स्थिति के चलते आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। बीते दिनों ट्रांसफार्मर लेकर जा रहा एक टेम्पो गहरे गड्ढे में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेम्पो क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक घायल हो गया।

जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बढ़ी परेशानी

वार्डवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा हो जाता है और लंबे समय तक निकासी नहीं होने से सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या को लेकर शिकायत किए जाने के बाद विकास अधिकारी ने तीन से चार बार मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन अब तक जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है।

समाधान नहीं तो वोट नहीं

सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। वार्डवासियों ने अब “समाधान नहीं तो वोट नहीं” का ऐलान किया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क की मरम्मत और जल निकासी के लिए नाले का निर्माण नहीं कराया गया तो वे आगामी पंचायत चुनाव का बहिष्कार करेंगे।

ग्रामीणों की मांग है कि सड़क की तकनीकी स्थिति की जांच कराकर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई जाए और पानी की निकासी के लिए स्थायी नाला बनाया जाए, ताकि आवागमन सुचारु होने के साथ हादसों का खतरा भी कम हो सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version