लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में सोमवार को ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कार्यकर्ता सुनवाई का आयोजन किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच और प्रदेश मंत्री अजीत माढ़ण भी मौजूद रहे।
मीडिया को संबोधित करते हुए मंत्री नागर ने बताया कि कार्यकर्ता सुनवाई का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। आज की सुनवाई में कुल 75 प्रकरण सामने आए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरण संबंधित विभागों को भेजे गए हैं ताकि उनका शीघ्र समाधान किया जा सके।
हीरालाल नागर ने कहा कि जिन प्रकरणों का आज समाधान किया गया है, उन्हें भविष्य में दोबारा सुनवाई में नहीं लाया जाएगा, और इसके लिए विभागीय स्तर पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। कुछ प्रकरण सार्वजनिक हित से जुड़े थे, जिन पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मंत्री ने यह भी बताया कि पिछली कार्यकर्ता सुनवाई की पालना रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, जिसमें अधिकांश प्रकरणों का निस्तारण हो चुका है। आज की सुनवाई में परिवहन, ऊर्जा और स्वायत्त शासन विभाग से संबंधित समस्याएं सर्वाधिक सामने आईं।
हीरालाल नागर ने कहा, “कार्यकर्ता सुनवाई कार्यक्रम से पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता में संतोष का भाव है। जिन समस्याओं का त्वरित समाधान संभव नहीं है, उनके लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जनता की प्रत्येक वैध समस्या का समाधान करना सरकार और पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
मंत्री ने बिजली क्षेत्र में किए गए सुधारों का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में बिजली सप्लाई की स्थिति गंभीर थी, लेकिन भाजपा की भजनलाल सरकार ने अब इसे सुधारने में सफलता प्राप्त की है। आज प्रदेश के 22 जिलों में किसानों को दिन में छह घंटे लगातार बिना किसी बाधा के बिजली मिल रही है, और कहीं भी लोड शेडिंग नहीं की जा रही।
हीरालाल नागर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2027 तक प्रदेश के सभी किसानों को दिन में 100% बिजली उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार की कुसुम योजना के तहत 6,000 मेगावाट से अधिक के प्लांट चालू किए गए हैं, जिससे प्रदेश की बिजली व्यवस्था में सुधार हुआ है।