लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
12 बोर का देशी कट्टा बरामद, कई मामलों में रहा है लिप्त
गंगधार (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के गंगधार थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक 12 बोर का अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी अमरनाथ जोगी ने बताया कि जिला मुख्यालय के निर्देश पर आदतन अपराधियों के विरुद्ध मादक पदार्थों एवं अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान पीपाखेड़ी रोड खाल के पास चिश्तीपुरा क्षेत्र से आदतन अपराधी नरेश कंजर पुत्र सौदानलाल, निवासी बामनदेवरिया को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर देशी कट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान अवैध हथियार की प्राप्ति, अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता एवं हथियार तस्करी नेटवर्क के संबंध में अनुसंधान जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी नरेश कंजर उन्हेल थाना क्षेत्र का आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना भवानी मंडी और उन्हेल में चोरी व लूट सहित गंभीर धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं।













































