लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर | राजस्थान में कानून-व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक कर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अपराधियों और गैंगस्टर्स के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सशक्त कानून-व्यवस्था के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने हाल ही में कुचामन के व्यापारी रूमेश रूलानिया की हत्या के मामले में अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए।
सीसीटीवी नेटवर्क होगा मजबूत
सीएम शर्मा ने पड़ोसी राज्यों से जुड़े राज्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजकीय भवनों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं और निजी भवनों में लगे कैमरों को अपराध नियंत्रण में प्रभावी रूप से उपयोग में लाया जाए। इसके साथ ही कैमरों के नियमित रखरखाव के लिए भी पुख्ता कदम उठाने को कहा गया।
त्योहारों पर रहेगी विशेष सुरक्षा
आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी सार्वजनिक स्थानों, पर्यटन स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस जाप्ता लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने होटल, धर्मशाला आदि स्थानों पर सघन चौकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इसके साथ ही जयपुर कमिश्नरेट द्वारा लागू होटल आगंतुकों के ऑनलाइन रिकॉर्ड सिस्टम को पूरे प्रदेश में लागू करने के निर्देश दिए।
साइबर अपराध पर सख्त निगरानी
सीएम शर्मा ने बैंकों को संदिग्ध लेनदेन पर तुरंत पुलिस को रिपोर्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही, साइबर अपराधों पर रोकथाम के लिए ठोस और प्रभावी रणनीति बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी गहन निगरानी रखने, भ्रामक और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वालों तथा अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह भास्कर आत्माराम सावंत, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का संदेश: “प्रदेश में कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”


















































