लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। कस्बे की बस्सी ढाणी स्थित खाटू श्याम मंदिर परिसर में सोमवार को मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की एकादशी उत्सव पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। खाटू श्याम बाबा के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं।
दोपहर चार बजे से श्याम महिमा का कीर्तन शुरू हुआ, जिसमें भक्तों ने एक से बढ़कर एक भजनों के माध्यम से श्री श्याम प्रभु का गुणगान किया। श्याम मित्र मंडल विकास समिति के सदस्य और कार्यकर्ताओं द्वारा दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बाबा श्याम का अलौकिक एवं भव्य श्रृंगार श्याम प्रेमी सोहन सिंह पुत्र धूकलसिंह पुरोहितासनी द्वारा किया गया, जिसने सभी भक्तों का मन मोह लिया। युवा शक्ति ने भी बाबा श्याम की महिमा का उत्साहपूर्वक गुणगान किया।
मंदिर के पुजारी पुखराज शास्त्री ने श्याम भक्तों पर मोर पंख का आशीर्वाद फेरा तथा शाम की महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तों ने मंदिर की चौखट पर धोक लगाकर अपने परिवार, गांव और देश की खुशहाली की कामना की।
मार्गशीर्ष शुक्ल एकादशी, जिसे मोक्षदा एकादशी भी कहा जाता है, को मोक्ष प्राप्ति का विशेष दिन माना जाता है। मान्यतानुसार इसी दिन भगवान कृष्ण ने अर्जुन को गीता ज्ञान प्रदान किया था। इस दिन की पूजा, उपासना और दान से अनंत फल की प्राप्ति होती है।
श्याम मित्र मंडल द्वारा मंदिर में पहुंचे भक्तों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। अखंड ज्योति प्रज्वलन, नयनाभिराम श्रृंगार और पुष्प वर्षा के साथ श्याममयी वातावरण में भक्तों ने श्याम बाबा का दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
