लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
टोंक। सवाई माधोपुर और दौसा जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए टोंक जिले की सीमा पर निर्माणाधीन ईसरदा बांध परियोजना का कार्य इस वर्ष जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि बांध का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने अधिकारियों को शेष बचे सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस महत्वपूर्ण परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 1,038.65 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यह परियोजना पूर्वी राजस्थान में पेयजल और सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने वाली राम जल सेतु परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने बांध स्थल का निरीक्षण कर लिफ्ट, इनटेक वेल, पंप सिस्टम, स्काडा सिस्टम और इन्स्पेक्शन टनल सहित विभिन्न तकनीकी कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह परियोजना लाखों लोगों के जीवन से जुड़ी हुई है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता से कार्य करें।
इस परियोजना से दौसा जिले के 1079 गांव और 5 शहरों तथा सवाई माधोपुर जिले के 177 गांव और 1 शहर सहित लगभग 35.13 लाख लोगों को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
बैठक के दौरान टोंक जिला कलेक्टर टीना डाबी, सवाई माधोपुर जिला कलेक्टर कानाराम, पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी, टोंक एसपी राजेश मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


















































