दो माह से वेतन नहीं मिलने पर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल

0
37
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

चौमहला | झालावाड़ | चौमहला कस्बे में पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज सफाई कर्मचारियों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के चलते दो दिन से कस्बे में सफाई कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है और बाजारों, गलियों व चौक-चौराहों पर गंदगी के ढेर लग गए हैं। इससे स्थानीय लोग भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।

सफाई कर्मचारियों और ग्राम पंचायत के बीच मंगलवार को वार्ता भी हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। कर्मचारियों का कहना है कि दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण अब तक उनका गुजारा मुश्किल हो गया है और जब तक बकाया भुगतान नहीं किया जाता, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे।

स्थानीय दुकानदारों और निवासियों का कहना है कि सड़कों पर कचरा फैला हुआ है और नालियों से बदबू आने लगी है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्राम पंचायत द्वारा समय पर वेतन नहीं देने के कारण यहां हर दो-तीन माह में सफाई कर्मी हड़ताल पर चले जाते हैं।

 सफाई कर्मचारियों की मांग: नियमित रूप से हर महीने वेतन का भुगतान किया जाए।
 ग्राम पंचायत का पक्ष: “सफाई कर्मचारियों से वार्ता चल रही है। वेतन की व्यवस्था की जा रही है, एक-दो दिन में भुगतान कर दिया जाएगा।”

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here