लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर में प्रदेश स्तरीय महिला उद्यमी सम्मेलन आयोजित
जोधपुर। जोधपुर के रामलीला मैदान में पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव के अंतर्गत आयोजित प्रदेश स्तरीय महिला उद्यमी सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शिरकत की। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन जोधपुर, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र एवं लघु उद्योग भारती के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित किया और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भव्य आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि आज महिलाएं तेजी से आत्मनिर्भर बन रही हैं और इस दिशा में लघु उद्योग विभाग के प्रयास लगातार सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं।
गांवों तक पहुंच रही आत्मनिर्भरता की सोच
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समय बदल रहा है और अब शहरों के साथ-साथ गांवों में भी महिलाएं अपनी मेहनत और हुनर से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंच रहा है।
उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वर्तमान समय अवसरों से भरा हुआ है, ऐसे में महिलाएं इन अवसरों का सदुपयोग कर अपनी अलग पहचान बनाएं और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ें।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती की अखिल भारतीय सचिव अंजू बजाज, अखिल भारतीय सचिव अंजू सिंह, संयुक्त निदेशक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र जोधपुर पूजा मेहरा सुराणा, कथावाचक प्रियंवदा, सहायक पुलिस आयुक्त छवि, डिप्टी डायरेक्टर आई-स्टार्ट मनीषा सहित लघु उद्योग भारती के देशभर से पधारे पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।