लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: बृजकिशोर पारीक, जोधपुर
जोधपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा राजस्थान ने संगठन विस्तार के तहत भाजपा नेता हितेष कैलाशचंद्र ओझा को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी द्वारा की गई है।
आहोर निवासी हितेष ओझा लंबे समय से भाजपा के संगठनात्मक कार्यों और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। संगठन में वे विभिन्न स्तरों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इससे पहले भी उन्हें पार्टी की ओर से कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं।
भाजपा से जुड़े सूत्रों के अनुसार हितेष ओझा ने वर्ष 2013 की सुशासन संकल्प यात्रा, 2019 के लोकसभा चुनाव, 2023 के सांगानेर विधानसभा चुनाव तथा 2024 के सलूंबर विधानसभा उपचुनाव में संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अलावा वे पार्टी के प्रशिक्षण शिविरों एवं जनसंपर्क अभियानों में भी भाग लेते रहे हैं।
राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ हितेष ओझा सामाजिक और धार्मिक कार्यों में भी सक्रिय हैं। वे विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े रहे हैं तथा समय-समय पर रक्तदान शिविर, चिकित्सा शिविर, जनसेवा और राहत कार्यों में सहभागिता निभाते रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने सहित विभिन्न सेवा कार्य किए।
ओझा सामाजिक संगठनों में भी दायित्व निभा चुके हैं। वे अखिल भारतीय श्रीमाली ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष, जनसहयोग समाधान फाउंडेशन के जिला संयोजक तथा अन्य सामाजिक संस्थाओं से जुड़े रहे हैं।
नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हितेष ओझा को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में संगठन को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
हितेष ओझा ने नियुक्ति पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व एवं किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों, संगठन की मजबूती और जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाएगा।