लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
देशभक्ति गीतों, फूल-मालाओं और तिरंगे के बीच निकली भव्य शोभायात्रा
राजसमंद | गौतम शर्मा।
राजसमंद– भीलवाड़ा जिले की सीमा पर स्थित नेगडियाखेड़ा गांव निवासी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में कार्यरत सब इंस्पेक्टर भंवर सिंह चुंडावत के 38 वर्ष 4 माह के गौरवशाली सेवाकाल के उपरांत सेवानिवृत्त होने पर पूरे क्षेत्र में अभूतपूर्व सम्मान और उत्साह देखने को मिला।
सेवा निवृत्ति के बाद जैसे ही सब इंस्पेक्टर चुंडावत अपने पैतृक गांव लौटे, परिजनों और क्षेत्रवासियों ने डीजे पर देशभक्ति गीतों, फूल-मालाओं और हाथों में तिरंगा लेकर उनका भव्य स्वागत किया। गांव से करीब 8 किलोमीटर दूर कुरज चौराहे पर सैकड़ों लोग पहले से एकत्रित हो गए, जहां फूल-मालाएं पहनाकर और देशभक्ति नारों के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
तिरंगे के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
कुरज चौराहे से तिरंगे लहराते हुए एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो मुख्य मार्गों से होती हुई नेगडियाखेड़ा गांव पहुंची। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई। विशेष आकर्षण के रूप में दो जेसीबी मशीनों पर खड़े लोगों ने भी फूल बरसाकर सम्मान प्रकट किया। पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
गांव पहुंचकर किए चारभुजा नाथ के दर्शन
गांव पहुंचने पर सब इंस्पेक्टर भंवर सिंह चुंडावत ने प्रभु श्री चारभुजा नाथ के दर्शन किए। इस अवसर पर कुरज, कुंवारिया, खंडेल, लापसिया, नेगडियाखेड़ा, टपरिया खेड़ी, फुकिया, सालेरा, सहाड़ा सहित आसपास एवं दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में भोपाल सिंह चुंडावत, ओंकार सिंह, प्रहलाद सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सब इंस्पेक्टर चुंडावत को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि छोटे से गांव नेगडियाखेड़ा के सपूत ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ देश की सेवा की है, जिस पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।
राष्ट्रसेवा की प्रेरणा बना समारोह
यह अभिनंदन समारोह न केवल एक जांबाज सैनिक के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रसेवा, अनुशासन और देशभक्ति की प्रेरणा भी प्रदान करता नजर आया।