लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उज्जैन महाकाल के लिए रवाना हुए श्रद्धालु
गंगधार (झालावाड़)। श्रावण मास के पावन अवसर पर गंगधार कस्बा गुरुवार को पूरी तरह शिवमय नजर आया। महाकाल मित्र मंडल के तत्वावधान में कलश यात्रा के साथ विशाल कांवड़ यात्रा धूमधाम, गाजे-बाजे और जयघोषों के बीच निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण किए, जबकि शिवभक्त कंधों पर कांवड़ लेकर “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए।
कांवड़ एवं कलश यात्रा का शुभारंभ हजारीबाग स्थित हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद यात्रा नई आबादी, मालपुरा, चावड़ी बाजार और धानमंडी बाजार से होते हुए नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंची। यहां भगवान शिव की महाआरती और विशेष जलाभिषेक के साथ नगर यात्रा का समापन किया गया।
नगर यात्रा के समापन के बाद कांवड़ यात्री भगवान महाकाल के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के लिए रवाना हुए।
श्रावण मास की इस यात्रा के दौरान डीजे पर बजते शिव भजनों, ढोल-नगाड़ों और भोलेनाथ के जयघोषों से पूरा कस्बा भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया।
यात्रा का हजारीबाग हनुमान मंदिर समिति, गोवर्धन गोशाला, कहार समाज, मेघवाल समाज, विद्यालय परिवार चावड़ी बाजार, एचपी गैस एजेंसी सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। महाकाल मित्र मंडल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं का भी विभिन्न स्थानों पर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर महाकाल मित्र मंडल के जगदीश राठौर, नेपाल सिंह, विक्रम सिंह, पुष्कर राठौर, राजेश नीमा, प्रमोद निगम, डॉ. हरिओम शर्मा, शिव सिंह पटेल, मनीष मिश्रा, दिलीप मोरी, बंशीलाल राठौर, हीरालाल वर्मा, कौशल शर्मा, हरिलाल राठौर, मथुरेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।