लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावां सिटी। पेंशनर समाज उपशाखा नावां सिटी ने बुधवार को क्षतिग्रस्त रेलवे पुलिया की शीघ्र मरम्मत और मुख्य बस स्टैंड से बंद बस सेवाओं को पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। पेंशनरों ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जनसमस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की।
इससे पूर्व स्थानीय पेंशनर भवन में समाज की मासिक बैठक वरिष्ठ उपाध्यक्ष मालचंद भार्गव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों की समस्याओं के साथ-साथ गर्ल्स स्कूल चौराहे के समीप स्थित क्षतिग्रस्त रेलवे पुलिया और उसके कारण बंद बस सेवाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। उपस्थित पेंशनरों ने इसे क्षेत्र की गंभीर जनसमस्या बताते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
बैठक में उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार माथुर, सचिव मदनलाल पिपलोदा तथा सहसचिव बजरंगलाल चेजारा ने संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित के विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर अगस्त माह में जन्मदिन वाले पेंशनरों सीताराम नागा, हजारीलाल मीणा, शंकरलाल सोनी, सुखदेव प्रसाद तंवर और गुलाबचंद सेन का तिलक एवं दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। साथ ही आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में हाल ही में दिवंगत हुए पेंशनरों आनंद प्रकाश सोनी, मोहनलाल शर्मा (मारोठ) एवं नाथूलाल तंवर (सावंतगढ़) को दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान राधेश्याम टेलर ने भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
बैठक के बाद बड़ी संख्या में पेंशनर भारत माता के जयघोष के साथ उपखंड कार्यालय पहुंचे। यहां वरिष्ठ उपाध्यक्ष मालचंद भार्गव, उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार माथुर, सचिव मदनलाल पिपलोदा एवं सहसचिव बजरंगलाल चेजारा के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि क्षतिग्रस्त रेलवे पुलिया के कारण मुख्य बस स्टैंड से बसों का संचालन लंबे समय से बंद है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, मरीजों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा आमजन को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेंशनर समाज ने पुलिया की तत्काल मरम्मत कर बस सेवाओं का नियमित संचालन शीघ्र बहाल कराने की मांग की।
बैठक में शिवदत्त शर्मा, रामनिवास चावला, पूसाराम सांखला, जीवनराम माली, गौतम प्रसाद उपाध्याय, तेजराज बोहरा, विजय कुमार जैन, कानाराम कुमावत, सीताराम प्रजापत, गोपीराम प्रजापत, पेमाराम कुमावत, कैलाशचंद मिश्रा, छीतरमल छापोला, यमुना प्रसाद टाक, सत्यप्रकाश शर्मा, शंकरलाल गौड़, मूलचंद टेलर, हरीराम जांगिड़, लालचंद परेवा, केदारमल शर्मा, घीसालाल, अमरचंद कुमावत, हीरालाल, बाबूलाल, भीवाराम कुमावत, श्योजीराम रैगर, प्रेमचंद जलंधरा, सुरेश कुमार सैनी सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।