लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धरियावद |
रिपोर्ट: हितेश पालीवाल
धरियावद | धरियावद के पुंगा तालाब स्थित भोलेनाथ गौशाला में मकर संक्रांति के पावन पर्व पर गोदान एवं पुण्य कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम गौशाला संचालक भेरुगिरी महाराज एवं द्वारकादास त्यागी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का संचालन नवनीत पालीवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को गोमाता की रक्षा एवं गौसेवा कार्यों के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही गो संरक्षण एवं गो सम्मान को बढ़ावा देने हेतु जागरूकता पेम्पलेट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गौशाला के विकास एवं संरक्षण में सहयोग करने वाले भामाशाहों का सम्मान किया गया। गोभक्तों ने जानकारी दी कि वर्तमान में गौशाला में जीर्णोद्धार कार्य प्रगति पर है तथा शेष कार्यों को गोभक्तों, भामाशाहों एवं ग्रामवासियों से विचार-विमर्श कर आदर्श गौशाला के लक्ष्य की दिशा में पूर्ण किया जाएगा।
मकर संक्रांति के अवसर पर सत्संग मंडल द्वारा भजन-कीर्तन, गोदान, गुड़ दान एवं प्रसादी वितरण कर पर्व को भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गौमाताओं को गुड़ एवं हरी घास खिलाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गोभक्तों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिससे गौशाला परिसर में धार्मिक एवं सेवाभाव का माहौल बना रहा।















































