दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कोटा सुरंग का सुरक्षा ऑडिट शुरू 

0
56
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 जून के तीसरे सप्ताह में खुल सकता है मार्ग

नितिन मेहरा वरिष्ठ संवाददाता, (राजस्थान)

नई दिल्ली/कोटा। देश की सबसे महत्वाकांक्षी सड़क परियोजनाओं में शामिल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति सामने आई है। राजस्थान के कोटा क्षेत्र में निर्मित सुरंग का सुरक्षा ऑडिट शुरू हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा विशेषज्ञों की निगरानी में सुरंग की तकनीकी और सुरक्षा संबंधी जांच की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, यह निरीक्षण करीब एक सप्ताह तक चलेगा। यदि सुरक्षा मानकों की जांच में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई जाती हैं, तो जून के तीसरे सप्ताह के बाद इस मार्ग को आम वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।

एक्सप्रेसवे का अहम हिस्सा

कोटा के मुकुंदरा हिल्स क्षेत्र में बनी यह सुरंग दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे परियोजना का एक महत्वपूर्ण और तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है। सुरंग का निर्माण और फिनिशिंग कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है तथा अब इसे अंतिम सुरक्षा परीक्षण से गुजरना पड़ रहा है।

एनएचएआई के नियमों के अनुसार किसी भी बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को जनता के लिए शुरू करने से पहले विस्तृत सुरक्षा परीक्षण और तकनीकी मूल्यांकन अनिवार्य होता है। इसी प्रक्रिया के तहत सुरंग का निरीक्षण किया जा रहा है।

यात्रियों को होगा बड़ा लाभ

सुरंग के शुरू होने के बाद दिल्ली, गुरुग्राम और राजस्थान से गुजरात के वडोदरा की ओर जाने वाले यात्रियों तथा मालवाहक वाहनों को सीधा लाभ मिलेगा। कोटा के दोनों ओर एक्सप्रेसवे का अधिकांश निर्माण कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। सुरंग खुलने के बाद यह पूरा कॉरिडोर आपस में जुड़ जाएगा, जिससे यात्रा का समय कम होगा और ईंधन की बचत भी होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस सेक्शन के शुरू होने से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर यातायात और अधिक सुगम होगा तथा देश के प्रमुख औद्योगिक और व्यावसायिक केंद्रों के बीच कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here