लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर
डग, झालावाड़। डग नगर पालिका क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के नवीन कार्यालय का विधिवत शुभारंभ विधायक कालूराम मेघवाल द्वारा किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिला। कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और जोशीले माहौल ने कार्यालय के शुभारंभ कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
जनता की समस्याओं के समाधान का बनेगा केंद्र
कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यालय केवल संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की शक्ति, संगठन की एकजुटता और आमजन की सेवा का प्रमुख केंद्र है। कार्यालय के माध्यम से क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।
साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने के लिए लगातार गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया गया।
केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के आशीर्वाद से डग में भाजपा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। नवीन कार्यालय के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलने तथा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनसेवा के कार्य करने का अवसर मिलेगा।




















































