लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रदेशवासियों से की ज्यादा से ज्यादा वोट करने की अपील
जयपुर। राजस्थान में नगर निगम चुनाव 2026 के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। लोकतंत्र के इस महापर्व में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी सपरिवार मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को एनडब्ल्यूआर ऑफिस के पास स्थित नवोदय शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज, गेटोर-जगतपुरा पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार के साथ मतदान किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाई।
मतदान के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से बढ़-चढ़कर मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी जरूरी है। सभी नागरिक अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हुए मतदान केंद्र पहुंचें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
जयपुर समेत प्रदेश के विभिन्न नगर निगम क्षेत्रों में मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं।















































