लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ट्रक व कमर्शियल ड्राइवरों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित
गुरला, भीलवाड़ा। (सत्यनारायण सेन)
जिले के मुजरास टोल पर सड़क सुरक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए CSR गतिविधि के अंतर्गत ‘प्रोजेक्ट रोशनी’ का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना का नेतृत्व मेकिंग द डिफरेंस NGO द्वारा किया जा रहा है, जबकि इसे इंटरराइज ट्रस्ट का सहयोग प्राप्त है। कार्यक्रम का आयोजन BRTPL परिसर में किया गया।
इस अवसर पर आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविर में ट्रक एवं कमर्शियल वाहन चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच एवं संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई। शिविर में विशेषज्ञ मेडिकल टीम द्वारा आंखों की जांच के साथ-साथ ईसीजी, ब्लड टेस्ट, शुगर टेस्ट, बीपी जांच एवं फुल बॉडी चेकअप किया गया। जरूरतमंद चालकों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए तथा मुफ्त मेडिकल काउंसलिंग भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव रहे। इस दौरान शिविर में प्रोजेक्ट हेड जयनन्दन मिश्रा, DTO इंस्पेक्टर आर.के. चौधरी, RTO इंस्पेक्टर अनिल शर्मा, सुरेश, लवलेश टेलर, ADSP बुधराज टैंक (गंगापुर), DYSP सुदर्शन पालीवाल (गंगापुर), CMHO डॉ. रामकेश गुर्जर, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं रिबन काटकर की गई। अतिथियों ने मेडिकल टीम से शिविर की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और आधुनिक तकनीक व उपकरणों की सराहना की। उन्होंने सड़क उपयोगकर्ताओं एवं आमजन की सुरक्षा के प्रति टीम की प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
टोल मैनेजर आनंद कुमार ने बताया कि शिविर में देश के विभिन्न शहरों से विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं, जिनमें डॉ. रमेश (बेंगलुरु), डॉ. विवेक (मुंबई) एवं जितेंद्र (दिल्ली) प्रमुख हैं। अतिथियों ने SPV की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
शिविर के दौरान कुल 402 लोगों की आंखों, ब्लड शुगर एवं बीपी की जांच की गई। इनमें से 138 लोगों को मौके पर ही चश्मे उपलब्ध कराए गए, जबकि 102 लोगों के लिए चश्मे बनाने के ऑर्डर दिए गए, जिन्हें कूरियर के माध्यम से उनके घर तक पहुंचाया जाएगा। प्रशासन ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।

















































