ब्याज माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सोना-चांदी समेत कई वाहन जब्त

0
12
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

धरियावद (हितेश पालीवाल)। प्रतापगढ़ जिले में ब्याज माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धरियावद क्षेत्र के भनावता गांव में दबिश देकर भारी मात्रा में सोना-चांदी, वाहन, कृषि यंत्र तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व राहुल गोयल (आरपीएस प्रोबेशनर) एवं केसरियावाद थानाधिकारी रमेशचन्द्र ने जिला विशेष टीम के साथ किया। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक नानालाल सालवी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

पुलिस ने भणावता निवासी भगवानलाल प्रजापत एवं उसके पुत्र तुलसीराम प्रजापत के मकान, निर्माणाधीन भवन तथा खेत पर दबिश दी। तलाशी के दौरान 32 तोला सोना, 47 किलो 500 ग्राम चांदी के आभूषण, 14 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, चार कार, दो पिकअप, एक टैम्पो, छह ट्रैक्टर सहित विभिन्न कृषि यंत्र एवं अन्य सामग्री बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि आरोपी ग्रामीणों को ऊंचे ब्याज पर धन उधार देकर उनके आभूषण, वाहन एवं कृषि उपकरण गिरवी रखता था। साथ ही उनसे खाली चेक और स्टाम्प पेपर लेकर अवैध वसूली करने का कार्य करता था।

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्टाम्प पेपर, खाली चेक, बैंक पासबुक, बहीखाते तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है।

पुलिस ने मामले में केसरियावाद थाने में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी धरियावद थानाधिकारी हजारीलाल मीणा को सौंपी गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि ब्याज माफियाओं एवं अवैध वसूली करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here