लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सड़क होगी 40 फीट चौड़ी
भरतपुर। शहर में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत गुरुवार सुबह नगर निगम ने बीनारायण गेट से सिरकी वाले हनुमान जी मंदिर तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई कार्रवाई में जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और होमगार्ड का पर्याप्त जाब्ता तैनात रहा।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, इस मार्ग को 40 फीट चौड़ा किया जा रहा है ताकि यातायात सुगम हो सके और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिले।
नगर निगम सचिव ने बताया कि कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए थे और क्षेत्र में मुनादी भी कराई गई थी। करीब तीन माह पहले ही अतिक्रमण वाले हिस्सों को चिन्हित कर दिया गया था। इसके बाद लगभग 70 प्रतिशत लोगों ने स्वयं अपने मकान, दुकानों और अन्य निर्माण हटाकर प्रशासन का सहयोग किया।
उन्होंने बताया कि अब भी करीब 30 प्रतिशत अतिक्रमण शेष हैं। इनमें से कुछ लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है, जिन्हें नगर निगम ने एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया है। वहीं, जिन्होंने अब तक कार्रवाई शुरू नहीं की, उनके खिलाफ निगम ने गुरुवार से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों से पक्के चबूतरे, टिन-टप्पर और दुकानों के आगे बने अवैध हिस्सों को हटाया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने हल्का विरोध भी किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्वक जारी रही।
नगर निगम का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क चौड़ीकरण के लिए भविष्य में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी। 











































