लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम पंचायत बिखरनियाकलां के भेंरुदा रोड स्थित राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवन का सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शिलान्यास किया गया। डेगाना विधायक अजय सिंह किलक ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के बाद निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथियों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा, माला एवं पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। 
स्वास्थ्य, शिक्षा और जल संरक्षण पर दिया जोर
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अजय सिंह किलक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है। नए पीएचसी भवन के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, पुस्तकालय एवं अटल ज्ञान केंद्र स्थापित करने तथा सरकारी एवं गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की सफलता जनभागीदारी से ही संभव है। ग्राम पंचायतों को पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर नियमित रूप से कार्य करना चाहिए तथा अधिक से अधिक पौधारोपण कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
विधायक को सौंपा 9 सूत्रीय मांगपत्र
प्रशासक प्रतिनिधि भीयाराम लोमरोड़ ने ग्राम पंचायत की ओर से विधायक को 9 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। इसमें विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, खेल मैदान की चारदीवारी एवं टीनशेड, जीएसएस निर्माण, सीसी सड़क एवं डामरीकरण सड़क निर्माण, ट्यूबवेल विद्युत लाइन तथा जल जीवन मिशन के तहत मीठे पानी की टंकी निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की मांग की गई।
जनप्रतिनिधियों ने विकास में सहयोग का किया आह्वान
पूर्व पंचायत समिति सदस्य दिलीप सिंह राठौड़ ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील की। पंचायत समिति सदस्य हनुमान जाजुंदा और समाजसेवी भीयाराम लोमरोड़ ने भी क्षेत्र की समस्याओं और विकास योजनाओं पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रशासक राजू देवी लोमरोड़ ने की। इस अवसर पर भाजपा मंडल पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा बिखरनियाकलां, बिखरनियां खुर्द, ईटावड़ा और सुरपुरा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला शक्ति और युवा उपस्थित रहे।




















































