लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कुरेड़ा-कुरेडी में शाम को पानी देने के आदेश के बावजूद नहीं बदला सप्लाई समय
पीपलू।
ग्राम पंचायत कुरेड़ा और कुरेडी के ग्रामीणों द्वारा पेयजल आपूर्ति का समय बदलने तथा अवैध रूप से मोटर लगाकर पानी खींचने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर दिए गए ज्ञापन के बाद बिजली विभाग ने तो तत्परता दिखाई, लेकिन जलदाय विभाग की कार्यशैली पर अब भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान में दोनों गांवों में पेयजल आपूर्ति का समय सुबह 6 बजे से 8 बजे तक निर्धारित है। इसी दौरान क्षेत्र में थ्री-फेस बिजली चालू रहने से कुछ लोग अवैध रूप से बिजली की मोटरें लगाकर पानी खींच लेते हैं। इससे मोहल्लों के अंतिम छोर पर रहने वाले परिवारों तक पानी नहीं पहुंच पाता और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन को लिखित ज्ञापन सौंपते हुए मांग की थी कि पानी सप्लाई का समय बदलकर शाम 5 बजे से 7 बजे तक किया जाए तथा उस दौरान बिजली कटौती करवाई जाए, ताकि अवैध मोटरों का उपयोग रोका जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग ने इस मांग पर कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय में बिजली कटौती शुरू कर दी है, लेकिन जलदाय विभाग अभी तक पुराने समय पर ही पानी की सप्लाई कर रहा है। इससे ग्रामीणों को किसी प्रकार की राहत नहीं मिल रही है और अंतिम छोर के घरों में जल संकट बना हुआ है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जलदाय विभाग की लापरवाही और मनमानी के कारण आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कर शाम के समय नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।



















































