लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (आर. एन. सांवरिया)। शिवसेना राजस्थान के राज्य प्रमुख पदम जैन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए पंजाब में हाल ही में हुए घटनाक्रमों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने भारत सरकार एवं पंजाब के मुख्यमंत्री से मांग की है कि भारतीय सेना और बीएसएफ को आवश्यक प्रतिकार करने की पूर्ण स्वतंत्रता दी जाए।
उन्होंने कहा कि पंजाब में बीएसएफ मुख्यालय चौक, जालंधर तथा अमृतसर स्थित भारतीय सेना छावनी के पास हुए कथित बम विस्फोटों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे घटनाक्रमों से आतंकवादियों के हौसले बढ़ते हैं, जिन्हें समय रहते सख्ती से नियंत्रित करना आवश्यक है।
पदम जैन ने कहा कि सेना को राजनीतिक दबाव से मुक्त रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने दिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विवादों के कारण सुरक्षा बलों का मनोबल प्रभावित हो सकता है, जो देश की सुरक्षा के लिए उचित नहीं है।
उन्होंने केंद्र एवं पंजाब सरकार से अपील की कि बीएसएफ और भारतीय सेना को स्वतंत्र रूप से कार्रवाई करने की अनुमति दी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की आतंकी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
शिवसेना प्रमुख ने यह भी कहा कि संगठन देश की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और आवश्यकता पड़ने पर शिवसैनिक भी सेना और बीएसएफ के साथ खड़े रहने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस विषय पर किसी भी प्रकार की ढिलाई या राजनीतिक हस्तक्षेप गंभीर परिणाम उत्पन्न कर सकता है।






















































