लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा ।
भीलवाड़ा जिला कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और जनहित कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने की।
समीक्षा बैठक
सांसद सीपी जोशी ने समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि अभियानों की सफलता के लिए आमजन से कनेक्टिविटी और कार्यकर्ताओं के बीच नेटवर्किंग जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को योजना बनाकर आमजन तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाना चाहिए और प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से जोड़ना चाहिए।
जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने सेवा पखवाड़े के तहत अब तक आयोजित कार्यक्रमों की रिपोर्ट साझा की और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। बैठक का संचालन जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी ने किया, जबकि आभार जिला महामंत्री कन्हैयालाल जाट ने व्यक्त किया।
कैलाश विजयवर्गीय का स्वागत
पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री एवं मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का आगमन होने पर सांसद सीपी जोशी और जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। 
उपस्थित प्रमुख सदस्य
बैठक में विधायक जब्बरसिंह सांखला, लादूलाल पीतलिया, उदयलाल भडाना, पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर, महापौर राकेश पाठक सहित जिले के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, अभियानों के संयोजक और सहसंयोजक उपस्थित रहे।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि बैठक में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और जीएसटी रिफॉर्म अभियान की समीक्षा भी की गई।


















































