भाजपा के नेता रील बनाने में मस्त और कुंभ में आम जनता त्रस्त – डोटासरा

0
108
- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क 
जयपुर,। (आर एन सांवरिया) राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के बलिदान दिवस के अवसर पर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, इन्दिरा गाँधी भवन, स्टेशन रोड, जयपुर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में पं. गिरिराज प्रसाद बालोदिया ने भजन गाया, फादर विजय पॉल ने बाइबिल का पाठ किया, कारी अब्दुल रशीद ने कुरान की आयतें पढ़ी, सरदार मनिन्दर बग्गा ने गुरुवाणी का पाठ किया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों द्वारा दो मिनट का मौन भी रखा गया। इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पार्टी के विधायकगण, वरिष्ठ कांग्रेसजन, प्रदेश कांग्रेस कमेेटी के पदाधिकारीगण सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
प्रार्थना सभा एवं पुष्पांजलिज कार्यक्रम के पश्चात् राजस्थान प्रदेश कांग्रस कमेटी के अध्यक्ष  गोविन्द सिंह डोटासरा ने मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने देश को स्वतंत्रता दिलवाने में अग्रणी भूमिका निभाई और पूरे विश्व को संदेश दिया कि सत्य और अहिंसा के पथ पर चल कर सत्याग्रह के द्वारा अपनी बात कैसे मनवाई जाती है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की पुण्यतिथि शहीद दिवस के अवसर पर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई तथा पूरे प्रदेश में कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मार्गदर्शन कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देश को स्वतंत्र करवाया और पूरे विश्व में सत्य, अहिंसा की अलख जगायी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देश के लिए एक सपना देखा था और जो मार्ग दिखाया था, आज केन्द्र की सत्ता में बैठे लोग उस मार्ग से भटक गये हैं। उन्होंने कहा कि देश को एक रखने, प्रेम, भाईचारा और सद्भाव की विचारधारा बापू ने दी थी, उसके विपरीत नाथूराम गोडसे की विचारधारा को पोषित करने का काम केन्द्र की सत्ता में बैठे लोग कर रहे है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य है कि राजस्थान प्रदेश में दिल्ली की पर्ची से ऐसी सरकार बन गई जो देश और प्रदेश में नफरत व वैमनस्य फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने देश में मजबूत लोकतंत्र की नींव रखी थी, देश की उन्नति के लिए कार्य किया था, आज जो लोग सत्ता में बैठे हैं लोकतांत्रिक सिद्धान्तों के विरूद्ध कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि देश में जब-जब कांग्रेस और यूपीए की सरकार बनी तो जनकल्याण के लिए एक से बढक़र एक फ्लैगशिप योजनाएं लागू हुई। उन्होंने कहा कि केन्द्र में पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह सरकार ने देश में काम का अधिकार, सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार लागू किया तथा राजीव गांधी जी ने युवाओं की सशक्ति के लिए 18 वर्ष की उम्र में मताधिकार दिया था। नई शिक्षा नीति पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी ने लागू की थी और देश में श्वेत क्रांति, हरित क्रांति कांग्रेस सरकार के शासन में हुई थी।  उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्ष से केन्द्र की सत्ता में बैठे लोग देश में नफरत फैलाने का कार्य कर रहे है, देश में भाईचारा समाप्त कर वैमनस्य पैदा किया जा रहा है, सरकार इवेंट मैनेजमेंट में व्यस्त है।
 डोटासरा ने कहा कि भाजपा के नेता कुम्भ में रील बनाने के लिए जा रहे है लेकिन लोगों को सुविधाएं नहीं मिल रही है और भगदड़ मचने के कारण लोगों की जान चली गई, किन्तु सरकार सुरक्षा के इंतजाम नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ हम सभी देशवासियों के लिए गौरव प्रदान करने वाला है किन्तु वहां इंतजाम करना, जनता को सुविधाएं देना सरकार का कार्य है जिसमें भाजपा सरकार विफल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के मंत्री, मुख्यमंत्री महाकुम्भ में जाकर जिस प्रकार रील बना रहे है उससे वहां अव्यवस्था हो रही है और शंकराचार्य सहित साधु, संत वीआईपी प्रोटोकॉल में प्रशासन के व्यस्त होने का मुद्दा उठा रहे है। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ आस्था का केन्द्र है और हम सभी देशवासी आस्था रखते है, किन्तु जिस प्रकार वीआईपी कल्चर वहां पर प्रदर्शित हो रहा है और सरकार श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा के इंतजाम नहीं कर पा रही है, यह निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विगत् 12 माह से कोई कार्य प्रदेश सरकार द्वारा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार द्वारा संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान में 73वां व 74वां संशोधन कर पंचायती राज संस्थाओं के सशक्तिकरण के लिए पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने कार्य किया था, किन्तु भाजपा की प्रदेश सरकार द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टाले जा रहे है, जबकि 6 माह से अधिक इन संस्थाओं में कोई भी पद रिक्त नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में जिला प्रमुख के चुनाव का कार्यक्रम तीन बार घोषित हो चुका है। उन्होंने कहा कि 14 माह से अधिक समय हो गया किन्तु चुनाव नहीं करवाये जा रहे है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा भरतपुर में जिला प्रमुख के चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया जाता है और सरकार द्वारा उसे निरस्त किया जाता है। उन्होंने कहा कि  उच्च न्यायालय द्वारा 60 दिवस में चुनाव करवाने के आदेश कुछ लोगों की प्रार्थना पर पारित किये गये, किन्तु राज्य सरकार आश्चर्यजनक रूप से स्टे ले आयी कि सरकार को भी सुना जाये। उन्होंने कहा कि भरतपुर में जिला परिषद् की मीटिंग नहीं हो पा रही, कोरम पूरा नहीं हो रहा और जिला कलेक्टर प्रशासक के रूप में कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार करने का यह ज्वलंत उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीद दिवस पर सभी कांग्रेसजनों ने संकल्प लिया है कि महात्मा गांधी के पथ पर चलते हुए देश को मजबूत बनाने, समाज में भाईचारा कायम रखने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों द्वारा जिस प्रकार जनता को जनविरोधी कार्य कर प्रताडित किया जा रहा है, उसका विरोध अहिंसात्मक आंदोलन के द्वारा जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कांग्रेस पार्टी द्वारा किया जाएगा।
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here