लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
15 दिन में मजदूरों को मिलेगा भुगतान: जौनपुरिया
भरतपुर। सवाई माधोपुर के पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया सोमवार को भरतपुर पहुंचे। भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बीबी रामजी योजना को लेकर केंद्र सरकार के फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत मजदूरों को 15 दिन के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा और यदि तय समय में भुगतान नहीं हुआ तो मजदूर को ब्याज सहित राशि दी जाएगी।
फसल कटाई के समय योजना रहेगी स्थगित
जौनपुरिया ने बताया कि किसानों और मजदूरों के हित को ध्यान में रखते हुए फसल कटाई के समय बीबी रामजी योजना को 60 दिनों के लिए स्थगित किया जाएगा, ताकि उस दौरान मजदूर खेतों में किसानों के कार्य में सहयोग कर सकें। इससे किसानों के साथ-साथ मजदूरों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
अब 125 दिन मिलेगा रोजगार
उन्होंने कहा कि पहले जहां योजना के तहत 100 दिन का रोजगार मिलता था, अब इसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। साथ ही योजना के अंतर्गत जल संरक्षण, सिंचाई, सफाई जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।
15 दिन में भुगतान अनिवार्य
पूर्व सांसद ने बताया कि पहले मजदूरों को भुगतान के लिए तीन महीने तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब नियमों में बदलाव कर 15 दिन के भीतर भुगतान अनिवार्य कर दिया गया है। यदि तय समय सीमा में भुगतान नहीं हुआ तो मजदूर को ब्याज सहित राशि दी जाएगी।
कांग्रेस पर नाम बदलने का आरोप
सुखबीर सिंह जौनपुरिया ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस योजना का नाम कांग्रेस ने बार-बार बदला।
उन्होंने कहा कि यह योजना पहले जवाहरलाल नेहरू के नाम से लाई गई, फिर इंदिरा गांधी के समय इसे राष्ट्रीय ग्रामीण योजना बनाया गया। इसके बाद मनमोहन सिंह सरकार में इसे राजीव गांधी से जोड़ा गया और बाद में महात्मा गांधी के नाम पर कर दिया गया।
गांधी परिवार से बाहर नहीं निकल पाई कांग्रेस
जौनपुरिया ने कहा कि कांग्रेस हमेशा एक ही परिवार के नाम को महत्व देती रही है। उन्होंने कहा कि “इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से उड़ो तो राजीव गांधी एयरपोर्ट पर उतरते हैं और वहां से उड़ो तो संजय गांधी एयरपोर्ट पहुंच जाते हैं।” कांग्रेस गांधी परिवार से बाहर नहीं निकल पाई है।
राज्यों को अधिक अधिकार
उन्होंने बताया कि इस योजना में 60:40 के अनुपात सहित कई मामलों में राज्यों को अधिक अधिकार दिए गए हैं, जिससे राज्य सरकारें स्वयं आवश्यकतानुसार धन का उपयोग कर सकें। जौनपुरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लाए गए इस बिल में कोई कमी नहीं है और यह मजदूरों व किसानों दोनों के हित में है।















































