बंशीवाला मंदिर में सजी भव्य भजन संध्या, ‘एक शाम खाटू श्याम के नाम’

0
51
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

नागौर | (प्रदीप कुमार डागा) नागौर स्थित बंशीवाला मंदिर में शनिवार रात्रि 9 बजे से सातवां खाटू श्याम महोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। ‘एक शाम खाटू श्याम के नाम’ भजन संध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में डूबा नजर आया। इस अवसर पर खाटू श्याम बाबा की प्रतिमा को फूलों और पुष्पों से आकर्षक रूप से सजाया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजकुमारी बाईं जी (गादीपति, किन्नर समाज, मेड़ता सिटी) एवं तारा बाई जी उपस्थित रहीं। अतिथियों का माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया तथा खाटू श्याम बाबा की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।

भजन संध्या की शुरुआत दिल्ली से पधारी भजन गायिका सलोनी राज ने गणेश वंदना “हाथ जोड़कर विनती करूं…” से की। इसके बाद “गजानन महाराज की जय”, “गणपति बप्पा मोरया”, “तेरी कृपा से बंजरंगी मेरा सब काम हो रहा है”, “कीर्तन की है रात बाबा आज थाने आणो है” और “पलकें ही पलके बिछाएंगे जिस दिन श्याम प्यारे आयेंगे” जैसे भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजनों पर मेड़ता सिटी की किन्नर समाज की तारा बाई जी ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिस पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

ग्वालियर से आई भजन गायिका ज्योति पॉल ने भी खाटू श्याम बाबा के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं दिल्ली से आए म्यूजिकल ग्रुप राहुल राज एंड टीम ने मधुर संगीत से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

कार्यक्रम में नागौर के अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंपालाल जीनगर भी अपने परिवार सहित उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान बंशीवाला मंदिर श्याम भक्तों से खचाखच भरा रहा। “जय श्री श्याम” और “हारे का सहारा श्याम हमारा” जैसे जयघोषों से वातावरण गूंज उठा और पूरा परिसर भक्तिमय आस्था में सराबोर हो गया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here