लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
20 गांवों के 50 हजार ग्रामीण प्रभावित
टोंक | नरेश कुरेडा
टोंक विधानसभा क्षेत्र की पराना ग्राम पंचायत की मुख्य सड़क पिछले करीब 6 वर्षों से जर्जर हालत में है। यह सड़क क्षेत्र के लगभग 20 गांवों और करीब 50 हजार ग्रामीणों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मार्ग से प्रतिदिन दोपहिया और चारपहिया वाहनों के अलावा स्कूल बसें, एम्बुलेंस तथा अन्य छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और उखड़ी हुई सतह के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
पूर्व पंचायत समिति सदस्य रामेश्वर मीणा सहित नंदलाल जाट, परशुराम जाट, यशपाल जैन, रामकल्याण जाट और मुकेश गुर्जर ने बताया कि खराब सड़क के कारण विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और आम नागरिकों को प्रतिदिन भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी जनहित में आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
















































