लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । जयपुर नगर निगम चुनाव में प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सांगानेरी गेट से त्रिपोलिया गेट तक भव्य रोड शो किया। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने आमजन से नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में निकायों में ट्रिपल इंजन जुड़ने से विकास की गति और तेज होगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार ने धर्मांतरण के विरुद्ध कानून लाकर लव जिहाद जैसी समस्याओं पर रोक लगाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय ऐसी घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन भाजपा सरकार ने इस दिशा में सख्त कदम उठाए हैं।
उन्होंने जयपुर के परकोटे का जिक्र करते हुए कहा कि जबरन पलायन की समस्या को रोकने के लिए सरकार डिस्टर्ब एरिया बिल लेकर आई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब किसी को डरने की जरूरत नहीं है। यदि कोई आमजन को परेशान करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और उसकी जगह जेल में होगी।
‘गहलोत सरकार ने तुष्टिकरण के आधार पर बनाए दो-दो निगम’
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने तुष्टिकरण के आधार पर जयपुर, जोधपुर और कोटा में दो-दो नगर निगम बनाए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने तीनों शहरों में फिर से एक-एक नगर निगम बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक शहर-एक नगर निगम की व्यवस्था से प्रशासन और विकास कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे कि ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ नहीं हो पाएगा, लेकिन अब वही चुनाव उनकी सरकार करा रही है।
‘ढाई साल में राजस्थान ने पकड़ी विकास की रफ्तार’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले ढाई साल में राजस्थान विकास की दौड़ में लगातार आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जिन कामों को पिछले 40-50 वर्षों में नहीं किया जा सका, उन पर भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में काम शुरू हुआ है।
उन्होंने प्रदेश में जल परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर और गंगनहर सहित विभिन्न परियोजनाओं पर सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी नहर और गंगनहर के लिए 5,500 करोड़ रुपये, देवास परियोजना के लिए 10,500 करोड़ रुपये, सोम-कमला-अंबा और माही डैम परियोजनाओं के लिए 4,500-4,500 करोड़ रुपये तथा ब्राह्मणी नदी परियोजना के लिए 2,500 करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं।
‘बिजली लेने वाला नहीं, देने वाला राज्य बन रहा राजस्थान’
मुख्यमंत्री ने बिजली उत्पादन को लेकर भी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने दावा किया कि अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में 3,900 मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ था, जबकि भाजपा सरकार ने ढाई साल में 12,000 मेगावाट बिजली उत्पादन किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान अब बिजली लेने वाला नहीं, बल्कि बिजली देने वाला राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
रोजगार और पेपरलीक को लेकर कांग्रेस पर हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे पाएगी, लेकिन उनकी सरकार ने ढाई साल में 1.89 लाख नियुक्ति पत्र दिए हैं। उन्होंने कहा कि 1.22 लाख पदों की प्रक्रिया जारी है और 70 हजार पदों पर वैकेंसी निकाली गई है।
पेपरलीक के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय पेपरलीक की घटनाएं हुईं, जबकि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही पेपरलीक से जुड़े 600 से अधिक लोगों को जेल भेजा। उन्होंने दावा किया कि ढाई साल में करीब 450 परीक्षाएं हुईं, लेकिन एक भी पेपर लीक नहीं हुआ।
‘कांग्रेस ने लूट और झूठ की राजनीति की’
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार के ढाई साल के काम से कांग्रेस नेताओं में बेचैनी है। उन्होंने विधानसभा में सरकार के दो साल के कार्यकाल का प्रतिवेदन रखे जाने का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ‘लूट और झूठ’ की राजनीति की और कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से जुड़े अधिकारी और मंत्री आज जेल में हैं।
उन्होंने ईआरसीपी और यमुना जल परियोजना को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इन परियोजनाओं को लेकर लगातार झूठ बोला और उन्हें लटकाने-अटकाने का काम किया।
जयपुर में मेट्रो विस्तार का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार जयपुर में पांच किलोमीटर की मेट्रो लेकर आई थी, जबकि भाजपा सरकार 41 किलोमीटर से अधिक मेट्रो लाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मेट्रो विस्तार से जयपुर की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
‘भाजपा को जिताएं, विकसित जयपुर का सपना होगा साकार’
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनते हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की ओर से बताए गए विकास कार्यों को पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि निकाय और पंचायतों में भाजपा की जीत से डबल इंजन सरकार में ट्रिपल इंजन जुड़ेंगे, जिससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने आमजन से राजस्थान के एक-एक निकाय में भाजपा को जिताने की अपील करते हुए कहा कि इससे विकसित जयपुर, विकसित राजस्थान और विकसित भारत का सपना साकार होगा।
हनुमान मंदिर में पूजा के बाद शुरू हुआ रोड शो
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद रोड शो की शुरुआत की। इस दौरान जयपुर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
रोड शो में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता, सांसद मंजू शर्मा, जिला अध्यक्ष अमित गोयल, विधायक कालीचरण सराफ, बालमुकुंदाचार्य, गोपाल शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।








































