लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष
धौलपुर। जिले के बाड़ी सदर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार रायसिंह का पुरा निवासी सोरन पुत्र बिदाराम 12वीं की परीक्षा देकर अपने खेत पर सरसों की फसल काटने जा रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने कथित रूप से जमीन विवाद को लेकर उस पर हमला कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पहले लाठी-डंडों से मारपीट की और बाद में सोरन को गोली मार दी। गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















































