लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कांग्रेस प्रत्याशी हेमराज डोई को 4 मतों से हराया, 12 वोट मिले; निर्वाचन प्रमाण पत्र मिलते ही समर्थकों ने जताई खुशी
पीपलू। (नरेश कुरेडा) पीपलू नगरपालिका के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार शर्मा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी हेमराज डोई को 4 मतों के अंतर से हराकर उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। राजेश कुमार शर्मा को 12 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी हेमराज डोई के पक्ष में 8 मत पड़े।
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर कपिल कोठारी ने राजेश कुमार शर्मा को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। जीत की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।
वार्ड 17 से पार्षद हैं राजेश शर्मा
राजेश कुमार शर्मा वार्ड संख्या 17 से भाजपा के पार्षद निर्वाचित हुए थे। उपाध्यक्ष पद पर जीत के बाद उन्होंने कहा कि पालिकाध्यक्ष रमेश वर्मा और सभी पार्षदों के साथ मिलकर पीपलू के विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
मूलभूत सुविधाओं पर रहेगा फोकस
नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने, विकास कार्यों को गति देने और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए सभी पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जाएंगे।
















































