लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) राज्य सरकार के पदोन्नति आदेशों के तहत जे.के. लोन चिकित्सालय में नीलम नावरिया ने नर्सिंग अधीक्षक के पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. आर.एन. सेहरा ने उन्हें पद एवं कार्यभार ग्रहण करवाया।
नीलम नावरिया को मरीजों के प्रति समर्पण, बेहतर प्रबंधन, उत्तम बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट तथा रात्रिकालीन सुपरवाइजर ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्यों के लिए पूर्व में भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है। अस्पताल के फेब्रिकेटेड वार्ड एवं आईसीयू में आग लगने की घटना के दौरान उन्होंने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। 
उन्हीं के उल्लेखनीय कार्यों के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया था। इसके अलावा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग राजस्थान सरकार द्वारा फ्लोरेंस नाइटिंगेल राज्य स्तरीय अवार्ड तथा मोमेंटो देकर भी सम्मानित किया जा चुका है।
राज्य महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भी उन्हें विशिष्ट महिला सम्मान प्रदान किया गया है। इसके अतिरिक्त सवाई मानसिंह महाविद्यालय द्वारा 26 जनवरी के अवसर पर उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय एवं बेस्ट बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के लिए प्रथम चल वैजयंती पुरस्कार एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
नावरिया के कार्यभार ग्रहण करने पर चिकित्सालय स्टाफ ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
















































