- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
केंद्र सरकार के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में भाजपा मुख्यालय का घेराव, विरोध में दी गिरफ्तारियां
जयपुर।
केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को परेशान करने का आरोप लगाते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को जयपुर में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में किया गया। डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि जयपुर सहित आसपास के जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर 2 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर एकत्रित हुए। इसके बाद डोटासरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए भाजपा मुख्यालय की ओर कूच किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घेराव का प्रयास किया। जहां पुलिस से झड़प के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां दी।
प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी मौजूद रहे। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए भाजपा मुख्यालय पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को कंधों पर उठा लिया।
भाजपा मुख्यालय से पहले ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके चलते पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कई बार झड़प हुई। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। इस दौरान विधायक मनीष यादव गिरने से घायल हो गए। प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की सतर्कता से स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं, विशेष रूप से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को परेशान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को केवल राजनीतिक प्रतिशोध के तहत ईडी द्वारा लंबी पूछताछ के जरिए प्रताड़ित किया गया।
डोटासरा ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार की मंशा राजनीतिक दबाव बनाने की रही है, जबकि न्यायालय ने किसी भी प्रकरण में ईडी द्वारा दायर चार्जशीट पर संज्ञान लेना भी उचित नहीं समझा। इसके बावजूद केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को परेशान करने का कार्य कर रही है, जिसे कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी और लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करती रहेगी।
- Advertisement -














































