लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डीग ।पूछरी परिक्रमा मार्ग स्थित दाऊजी महाराज मंदिर में दाऊजी पूर्णिमा के अवसर पर भव्य और पारंपरिक आयोजन संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर को आकर्षक फूल-बंगला झांकी से सजाया गया, जबकि दाऊजी महाराज को छप्पन भोग अर्पित किए गए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मंदिर के महंत विजय बाबा ने बताया कि दाऊजी पूर्णिमा का दिन भक्तों के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना करने से मनोकामनाओं की पूर्ति, पारिवारिक सुख-समृद्धि और मानसिक शांति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि दाऊजी महाराज की कृपा ब्रजवासियों पर सदैव बनी रहे और देश में अमन-चैन व सद्भाव कायम रहे, इसी भावना के साथ भक्तों ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की।

मंदिर में पूरे दिन भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा और वातावरण आध्यात्मिक उत्साह से भरा रहा। दर्शन करने आए श्रद्धालुओं और परिक्रमार्थियों को प्रसाद वितरण किया गया, जिससे सभी के चेहरे पर संतोष और श्रद्धा झलकती रही।










































