लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सराड़ा। ग्राम डायली के ग्रामीणों ने शनिवार को सराड़ा उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नवसृजित पंचायत का मुख्यालय बंडोली के स्थान पर डायली रखने की मांग की।
ग्रामवासियों ने बताया कि पंचायत पुनर्गठन 2025 के तहत 7 अप्रैल 2025 को जिलाधिकारी सलूंबर द्वारा जारी आदेशों में ग्राम पंचायत थाणा को पुनर्गठित कर डायली व बंडोली को अलग कर नई पंचायत बनाई गई थी, जिसका मुख्यालय बंडोली प्रस्तावित किया गया। इस पर डायली के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधियों सहित सक्षम अधिकारियों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराते हुए मुख्यालय डायली रखने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने पूर्व में उनकी मांग पर सहमति जताई थी, लेकिन नवीन आदेशों में पुनः बंडोली को ही मुख्यालय अधिसूचित कर दिया गया, जो अनुचित, असंवैधानिक और बहुमत का अनादर है।
ग्रामीणों ने तर्क दिया कि डायली जनसंख्या, क्षेत्रफल और सुविधाओं के मामले में बंडोली से कहीं आगे है—
-
डायली की जनसंख्या : 1373
-
बंडोली की जनसंख्या : 981
-
डायली में 20 बीघा निर्विवादित सरकारी भूमि उपलब्ध
-
वर्ष 1984 से संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय
-
पोस्ट ऑफिस, सब-सेन्टर सहित आवश्यक सरकारी सुविधाएँ
-
उदयपुर एवं सलूंबर जिला मुख्यालयों से सीधा सड़क मार्ग
ग्रामीणों का कहना है कि डायली भौगोलिक रूप से क्षेत्र का केंद्र बिंदु भी है, इसलिए वही पंचायत मुख्यालय के लिए अधिक उपयुक्त है।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि आदेश वापस लेकर मुख्यालय डायली घोषित नहीं किया गया तो ग्रामवासी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे।



















































