लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमन्द।
राजसमन्द जिले के मोही कस्बे में इन दिनों एक बंदर लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। आचार्य निरंजन नाथ चौराहा स्थित बस स्टैंड के पास शनेश्वर टी स्टॉल पर यह बंदर पिछले तीन दिनों से रोज़ सुबह और शाम पहुँचकर चाय पी रहा है। वह आराम से बैठकर चाय के साथ बिस्कुट भी खाता है और फिर बिना किसी शरारत के वापस लौट जाता है।
स्थानीय लोगों और दुकानदार के अनुसार यह बंदर बिल्कुल शांत स्वभाव का है। जैसे ही चाय बनती है, वह पास खड़ा होकर कप मिलने का इंतजार करता है। उसका यह ‘चाय रूटीन’ देखने के लिए रोज़ भीड़ जुटने लगी है और लोग इस अनोखे दृश्य को अपने मोबाइल में कैद कर रहे हैं।
दुकानदार का कहना है कि बंदर समय का इतना पाबंद है कि पिछले तीन दिनों से बिल्कुल तय वक्त पर ही आता है, चाय पीता है और थोड़ी देर बाद आसपास घूमकर आगे बढ़ जाता है।
मोही कस्बे में बंदर का यह चाय-प्रेम इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों के लिए आकर्षण और मनोरंजन का कारण बना हुआ है।















































