लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
खरीफ फसल खराबे पर किसानों को मिलेगी राहत
6 जिलों के आठ लाख से अधिक किसानों को मिलेगा कृषि अनुदान | 40 तहसीलें और 2961 गांव अभावग्रस्त घोषित
जयपुर ।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस वर्ष अतिवृष्टि से खरीफ फसलों को हुए नुकसान के मद्देनज़र किसानों के हित में एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित जिलों में किसानों को राहत पहुंचाने के लिए कृषि अनुदान वितरण की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभावित किसानों को राज्य आपदा राहत कोष (SDRF) से अनुदान वितरित किया जाएगा। इसके तहत 6 जिलों की 40 तहसीलों के 2,961 गांवों को अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
इस निर्णय से अजमेर, अलवर, झुंझुनूं, कोटा, पाली और बांसवाड़ा जिलों के 8 लाख से अधिक किसानों को सीधी राहत मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार का यह कदम प्राकृतिक आपदा के समय किसानों को सहारा देने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।
सरकार के अनुसार, राहत राशि जल्द ही प्रभावित किसानों के खातों में हस्तांतरित की जाएगी ताकि वे अगली फसल की तैयारी समय पर कर सकें।

















































