लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
सत्यनारायण सेन, गुरलां संवाददाता
गुरलां।
गुरलां–महेंद्रगढ़ से गंगापुर रोड पर आमली का खेड़ा के समीप सड़क पर बनी कटिंग (खड्ढे) के कारण दुपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर जगह-जगह कटिंग होने के साथ-साथ अवैध बजरी खनन से आने-जाने वाले ट्रैक्टर–ट्रॉली के पहियों से सड़क पर रेत बिखरी हुई है, जिससे फिसलने की संभावना बढ़ जाती है। तेज गति से आने वाले बाइक सवार जब खड्ढे को देखकर ब्रेक लगाते हैं, तो रेत पर फिसलकर गिर पड़ते हैं और कई बार गंभीर चोटें लग जाती हैं।
हाल ही में गुरलां के एक दुपहिया वाहन चालक इसी स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे, जिन्हें गंभीर हालत में भीलवाड़ा अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा।
ग्रामीणों ने शीघ्र मरम्मत की मांग की
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर बनी कटिंग और खड्ढों की शीघ्र रिपेयरिंग करवाई जाए ताकि अन्य लोगों को दुर्घटनाओं से बचाया जा सके।
लोगों का कहना है कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ता है और रोजाना सैकड़ों वाहन इससे गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।














































