लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जो अपना लक्ष्य बनाकर चलते हैं और मेहनत करते हैं, वही होते हैं सफल — एस.पी. चतुर्वेदी
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन फेड-9 का प्रांतीय वार्षिकोत्सव और पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को होटल हरिविलास में धूमधाम से आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत ‘संकल्प’ थीम पर आधारित गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
मुख्य अतिथि एवं जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन के डिप्टी वर्ल्ड चेयरमैन एस.पी. चतुर्वेदी (मथुरा) ने कहा कि “जो अपना लक्ष्य बनाकर मेहनत करते हैं, वही सफलता प्राप्त करते हैं। प्रशंसा सफलता नहीं है, बल्कि निरंतर प्रयास ही असली सफलता है।”
सेवा ही जीवन का उद्देश्य — सुरेंद्र जैन
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की विशेष समिति के सदस्य सुरेंद्र जैन ने कहा कि जायंट्स संगठन अब शिक्षा, चिकित्सा, पर्यावरण और जीवदया के साथ-साथ “ऑर्गन डोनेशन” (अंगदान) पर भी विशेष फोकस कर रहा है।
उन्होंने बताया कि जल्द ही राज्य सरकार से आग्रह किया जाएगा कि “ऑर्गन डोनर की देह को राजकीय सम्मान” दिया जाए।
सेवा कार्यों में चाहिए जुनून — देवेंद्र गेलड़ा
स्पेशल कमेटी सदस्य देवेंद्र गेलड़ा ने कहा कि “सेवा कार्यों में जुनून जरूरी है। संघर्ष में व्यक्ति अकेला होता है, लेकिन सफलता में पूरा समाज साथ होता है।”
उन्होंने कहा कि निरंतर सेवा और मेहनत से व्यक्ति अपनी किस्मत भी बदल सकता है।
सेवा कार्य और समाज upliftment पर जोर
समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रदेशाध्यक्ष के.एल. गिल्होत्रा ने अपने कार्यकाल की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया और सभी यूनिट डायरेक्टर्स ने अपनी-अपनी रिपोर्टें पेश कीं।
विशेष अतिथि संजय भंडारी (पूर्व डिस्ट्रिक्ट लायंस गवर्नर, उदयपुर) ने कहा कि “प्रतिदिन एक सेवा कार्य अवश्य करें, इससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन आता है।”
समाजसेवी अश्विन सेठ (अहमदाबाद) और पूर्व प्रांतपाल दिलीप तोषनीवाल ने भी सेवा को जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य बताया।
कम्बल वितरण और सम्मान समारोह
कार्यक्रम के दौरान जायंट्स सदस्यों द्वारा जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए तथा एक महिला को सिलाई मशीन प्रदान कर स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया गया।
सीए नवीन वागरेचा और मंजू पोखरना के संयोजन में आयोजित इस समारोह में वर्षभर उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया।
पवन अग्रवाल ने अपने मधुर गीतों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं एस.एस. गंभीर ने अपनी हास्य रचनाओं से सबको गुदगुदाया।
कार्यक्रम का संचालन नवीन वागरेचा ने किया।
उपस्थित रहे गणमान्य
समारोह में विभिन्न ग्रुपों के अध्यक्ष, प्रशासनिक निदेशक, वित्त निदेशक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और जायंट्स परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।


















































