लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जयपुर/फतेहपुर (रूपनारायण सांवरिया): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को फतेहपुर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने 2014 के बाद भ्रष्टाचार-मुक्त शासन की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
राठौड़ ने बताया कि 2014 से पहले देश में 2G घोटाला, कोयला घोटाला, बोफोर्स घोटाला, चारा घोटाला और पंडुबी घोटाले जैसी घटनाएं आम थीं। जनता का टैक्स चोरों की जेब में चला जाता था, लेकिन अब वही पैसा विकास में लग रहा है। उन्होंने कहा कि बिचौलियों की भूमिका खत्म हो चुकी है और जनता को सीधे लाभ मिल रहा है।
टैक्स सुधार और आत्मनिर्भरता पर जोर
मदन राठौड़ ने कहा कि पहले 36 प्रकार के टैक्स के कारण व्यापारी और आम जनता परेशान रहते थे, लेकिन मोदी सरकार ने एकल जीएसटी प्रणाली लागू कर व्यापार में पारदर्शिता और राहत प्रदान की। उन्होंने दीपावली से पहले रोजमर्रा की वस्तुओं की सस्ती कीमतों को भी सरकार की जनहितैषी नीति का परिणाम बताया।
राठौड़ ने ‘हर घर स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ का महत्व बताते हुए जनता से आग्रह किया कि वे भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। इससे देश का धन देश में रहेगा और किसान, उद्योगपति और श्रमिक सशक्त होंगे। उन्होंने कहा कि यही सच्चा राष्ट्रवाद है।
कांग्रेस पर निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शासन में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था चरम पर थी। गहलोत ने राजस्थान के नौजवानों को नाकारा और निकम्मा कहा, लेकिन बिहार में जाकर उन्हीं की दुहाई देते हैं। राठौड़ ने चेतावनी दी कि दोहरे मानदंड और दोयम दर्जे की बातें अब नहीं चलेंगी।
राजस्थान में विकास कार्यों की सराहना
मदन राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य में बिजली, रोजगार और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में हुए सुधारों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि बिजली संकट दूर किया गया, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हुई, युवाओं को रोजगार मिले और पुलिस बल सशक्त हुआ।
जनसभा में राष्ट्रनिर्माण का संकल्प
जनसभा में उपस्थित लोगों को राठौड़ ने राष्ट्रनिर्माण के लिए संकल्प दिलाया:
“मैं आत्मनिर्भरता, स्वदेशी और ईमानदारी के मार्ग पर चलूंगा। मैं भारतीय उद्योगों, किसानों और कारीगरों का सहयोग करूंगा और भारत को आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय योगदान दूंगा।”
जनसभा में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश भडाणा, भाजपा नेता हरिराम रिणवां, भाजपा प्रत्याशी श्रवण चौधरी सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











































