लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई —
कोटपूतली-बहरोड़। राजस्थान में संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। राजस्थान पुलिस की पनियाला थाना टीम और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंग से जुड़े अंतर्राज्यीय अपराधी संजय जाट को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12 अवैध हथियार और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई (IPS) के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में बोलेरो कैंपर सहित विदेशी पिस्टल, देशी पिस्टल और कट्टे जब्त किए गए।
अंतर्राज्यीय गैंग का गुर्गा पुलिस के हत्थे
गिरफ्तार आरोपी संजय जाट (24) पुत्र सुनील जाट निवासी कालबा थाना नांगल चौधरी, जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) है। पुलिस के अनुसार, वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग और हरि बॉक्सर गैंग से जुड़ा हुआ है तथा थाना बानसूर के बहुचर्चित सुनील उर्फ टुल्ली मर्डर केस में वांछित था।
भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद
पुलिस ने आरोपी से निम्न सामान बरामद किया:
-
01 विदेशी पिस्टल (ब्रेटा मेड इन इटली)
-
06 जिंदा कारतूस और 02 मैगजीन
-
07 देशी पिस्टल, 03 देशी कट्टे
-
01 पचफेरा और 14 जिंदा कारतूस
-
बिना नंबर की बोलेरो कैंपर वाहन
कुल 12 हथियार और 20 कारतूस जब्त कर पुलिस ने हथियार सप्लाई नेटवर्क पर करारा प्रहार किया।
सुनियोजित कार्रवाई में पुलिस का बेहतरीन समन्वय
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी राजेंद्र बुरड़क के मार्गदर्शन में हुई। टीम का नेतृत्व थानाधिकारी रणवीर सिंह (पनियाला) ने किया। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर आरोपी को बिंजाहेड़ा रोड से गिरफ्तार किया।
टीम में हेडकांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, ईश्वर सिंह, देवेंद्र तथा कांस्टेबल धर्मेन्द्र, विक्रम सिंह, संजय धनखड़, सत्यपाल, मनोज, प्रवीण, अल्केश, राजेश, सुरेश कुमार, देशराज सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
संगठित अपराध के खिलाफ सख्ती जारी
एसपी देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने प्रेस वार्ता में कहा कि यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय जयपुर से जारी विशेष अभियान का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठित अपराध और अवैध हथियारों के नेटवर्क पर लगातार प्रहार जारी रहेगा, अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को करारा झटका दिया है। पुलिस ने न सिर्फ एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया बल्कि अवैध हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला को भी ध्वस्त किया है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।

















































