सेंट पॉल्स के विद्यार्थियों ने मनाया अलौकिक दीपोत्सव पर्व

0
146
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

राजसमंद (गौतम शर्मा)। राजसमंद जिला मुख्यालय स्थित सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में इस वर्ष भी दीपावली पर्व अत्यंत हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देवी लक्ष्मी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कक्षा दसवीं के छात्रों ने मंच पर प्रभु श्री राम के जन्म, राजतिलक, वनवास गमन, सीता हरण, रावण वध आदि सभी जीवन प्रसंगों को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत कर दिया।

छात्रों ने कविता और भाषण के जरिए दीपावली के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही नृत्य और नाटिका की प्रस्तुतियों से सभी दर्शकों का मन मोह लिया। प्रभु श्री राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान, नल और नील की झांकी से विद्यालय परिसर राममय हो गया। छात्रों द्वारा नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया जिसमें सुरक्षित, प्रदूषणमुक्त दीपावली और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। उन्होंने बताया कि पटाखों से होने वाला प्रदूषण बच्चों, पशु-पक्षियों और बुजुर्गों पर गंभीर प्रभाव डालता है।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य फादर जॉनी मैथ्यू ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हर पर्व और त्योहार हमें कोई न कोई अच्छा संदेश और सीख देता है। दीपावली प्रकाश, ज्ञान और अच्छाई की जीत का प्रतीक है, जिसे विद्यालय के छात्रों और शिक्षकों ने मिलकर बड़े उत्साह से मनाया। उन्होंने रंगारंग कार्यक्रम की सराहना करते हुए बच्चों से प्रदूषणमुक्त और सुरक्षित दीपावली मनाने का आग्रह किया तथा विद्यालय परिवार की ओर से सभी बच्चों और उनके परिवारों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के अंत में हेड गर्ल भव्या गोखरू ने सभी का आभार व्यक्त किया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here