लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जोधपुर — पानी जैसी बुनियादी जरूरत को लेकर लोगों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। बोरानाडा थाना क्षेत्र में गंभीर पेयजल समस्या से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों ने आज जलदाय विभाग राजस्थान कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व चेतना वाहिनी के संयोजक वीरेंद्र प्रताप सिंह पाल ने किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं जलदाय विभाग कार्यालय बोरानाडा पर इकट्ठा हुईं और इसके बाद जीएलआर टंकी के पास धरना देकर सरकार और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव और आस-पास की कॉलोनियों में लंबे समय से पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। लोगों को मजबूरन महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। इस समस्या से आहत होकर उन्होंने विभाग के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और जल्द समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।










































