लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर।
जयपुर स्थित कांस्टीट्यूशनल क्लब में मंगलवार को राजेन्द्र सेन ने जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद को इस बार ओबीसी वर्ग से दिए जाने की पुरजोर मांग रखी। उन्होंने इस संबंध में राजू रुद्र, एआईसीसी के सह कोषाध्यक्ष एवं संगठन सृजन अभियान के जयपुर शहर प्रभारी से मुलाकात की और अपना सुझाव प्रस्तुत किया।
राजेन्द्र सेन, जो कि एआईसीसी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक एवं सदस्य — ओबीसी स्टेट एडवाइजरी काउंसिल भी हैं, ने कहा कि जयपुर शहर की आठों विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 55 से 60 प्रतिशत मतदाता ओबीसी वर्ग से आते हैं। इसके बावजूद अब तक इस वर्ग को जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद पर प्रतिनिधित्व नहीं मिला है।
उन्होंने कहा —
“अगर कांग्रेस पार्टी ओबीसी वर्ग के व्यक्ति को जयपुर शहर अध्यक्ष बनाती है तो इससे पार्टी का वोट बैंक और मजबूत होगा तथा आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।”
राजेन्द्र सेन की इस पहल को स्थानीय कार्यकर्ताओं और ओबीसी समाज के बीच सराहना मिल रही है और इसे संगठन में सामाजिक प्रतिनिधित्व बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।














































