लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। – श्री विधाणी परिक्रमा महोत्सव-2025 के तहत शनिवार को गोपाल सागर आश्रम में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर में ठाकुर श्रीरामचंद्रजी का भव्य श्रंगार, गोपालेश्वर महादेव की नयनाभिराम झांकी और छोटे-बड़े बाबा के दिव्य दर्शन श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर गए।
स्थानीय और बाहर से आए कलाकारों ने गुरु महिमा और रामधुन के भजन प्रस्तुत किए। श्रद्धालु भक्ति नृत्य कर ठाकुरजी को रिझाते नजर आए। कलाकारों ने भजन “गुरुदेव दया के सागर हैं … गुरु म्हारा प्यार गुरु म्हारा दाता” सहित कई लोकप्रिय भजन प्रस्तुत किए।
भजन संध्या में कैलाश शर्मा छांदेल, जगदीश छीपा, अशोक शर्मा और बाबूलाल शर्मा ने स्थानीय ढूंढाड़ी भाषा के भजनों से समां बांधा। समारोह में मित्थिला बिहारी जी महाराज ने आशीर्वचन दिए।
संयोजक लक्ष्मी निधि सरजू बिहारी महाराज ने बताया कि मंगलवार को गोनेर स्थित श्रीजगदीश मंदिर से शोभायात्रा रवाना होगी, जिसमें अनेक झांकियों के साथ स्वरूप सरकार की झांकी भी होगी। शोभायात्रा में अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अंग संस्कृत भारती के प्रचारक श्रीनिवासन दिल्ली से उपस्थित रहे। राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस मनीष शर्मा ने भी दर्शन किए। भजन संध्या के बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की।
राम रथ की भव्य सजावट – सरजू बिहारी ने बताया कि महोत्सव के दौरान राम रथ पर भी रंग-बिरंगी झांकियों और झंडियों से भव्य सजावट की गई है। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जिससे माहौल और भी भक्तिमय बन गया। 


















































