राजस्थान पर्यटन विकास निगम की इकाइयों के निजीकरण का विरोध

0
175
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नितिन मेहरा

राजस्थान पर्यटन विकास निगम की इकाइयों के निजीकरण का विरोध। यह सरकारी संपत्तियों को बेचने का कुत्सित प्रयास – धर्मेंद्र सिंह राठौड़
पूर्व अध्यक्ष, (RTDC)

अजमेर। राजस्थान की भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा हाल ही में जारी आदेश, जिसमें राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) की नियंत्रणाधीन इकाइयों को निजी हाथों में सौंपने की प्रक्रिया को गति देने की बात कही गई है, एक गंभीर चिंता का विषय है।

यह निर्णय न केवल सार्वजनिक संपत्तियों को निजीकरण की ओर धकेलने वाला है, बल्कि यह प्रदेश की पर्यटन पहचान और गरिमा को भी क्षति पहुंचा सकता है।यह सर्वविदित है कि राजस्थान में पर्यटन को बढ़ावा देने एवं इससे जुड़े आधारभूत ढांचे के विकास हेतु ही राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) की स्थापना की गई थी।

निगम वर्षों से पर्यटकों को आवास, भोजन, परिवहन व अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान करता आया है और इसने राज्य के पर्यटन की एक विशिष्ट पहचान बनाई है। राज्य बजट में यह कहा गया था कि RTDC की इकाइयों को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत क्रियाशील बनाया जाएगा, लेकिन वर्तमान सरकार इन समस्त इकाइयों को सीधे-सीधे निजी हाथों में सौंपने की ओर अग्रसर है, जो कि मूल भावना के प्रतिकूल है।

यह सवाल उठना लाज़मी है कि जब इन इकाइयों का संचालन इतने वर्षों तक सरकारी नियंत्रण में सफलतापूर्वक होता रहा है, तो आगे भी सरकार द्वारा इसका संचालन क्यों नहीं किया जा सकता? सरकारी नियंत्रण में इन इकाइयों का संचालन न केवल पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करता है, बल्कि इससे पूरे देश में राजस्थान पर्यटन की एक सकारात्मक छवि प्रस्तुत होती है।

इसके विपरीत, निजी हाथों में सौंपे जाने पर सेवाओं में कटौती, शुल्क वृद्धि तथा जनसामान्य की पहुंच में कठिनाई जैसी आशंकाएं प्रबल हो जाती हैं, जो अंततः राजस्थान के पर्यटन को नुकसान पहुंचा सकती हैं। RTDC की समस्त संपत्तियां राजस्थान की सांस्कृतिक और पर्यटन की शान हैं — इनका संरक्षण और संवर्धन राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। मैं स्वयं RTDC का अध्यक्ष रह चुका हूं, और अपने कार्यकाल के दौरान हमने निगम के माध्यम से अनेक नवाचार किए, जिससे पर्यटन सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में सुधार हुआ।

मैं माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी से आग्रह करता हूं कि RTDC की सभी इकाइयों का संचालन पूर्ववत राज्य सरकार के माध्यम से ही किया जाए। साथ ही उनमें नवाचार एवं सुधार की निरंतर प्रक्रिया को बढ़ावा दिया जाए, ताकि राजस्थान की पर्यटन की वैश्विक छवि मजबूत बनी रहे और इसे और अधिक सशक्त किया जा सके।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here